कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने पर बंद किया गया काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन बहाल होगा। यह गाड़ी 30 मार्च से फिर से पटरी पर दौड़ेगी। रेल प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
प्रतापगढ़, लखनऊ, मुरादाबाद, दिल्ली की यात्रियों के लिए खुशखबरी है। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो रहा है। ट्रेन 30 अप्रैल तक बादशाहपुर के रास्ते प्रतापगढ़, लखनऊ होते हुए नई दिल्ली जाएगी। इस गाड़ी में चार जनरल, 11 स्लीपर, तीन थर्ड एसी, एक सेकेंड एसी और एक फर्स्ट एसी के साथ ही एक एसी फर्स्ट कम सेकेंड क्लास कोच रहेगा। बाद में यह ट्रेन नियमित भी की जा सकती है। यह गाड़ी 30 मार्च मंगलवार रोजाना 01.30 बजे छूटकर दूसरे दिन सुबह 5.40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। प्रतापगढ़ में शाम चार बजकर आठ मिनट पर पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद छूटेगी। नई दिल्ली से रोजाना दिन में 11.35 बजे छूटकर भोर में 04.50 बजे मंडुआडीह पहुंचेगी। प्रतापगढ़ में रात एक बजाकर पांच मिनट पर पहुंचने और एक बजकर 10 मिनट पर प्रस्थान का समय निर्धारित है। कोरोना काल के दौरान ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने पर यात्रियों को बड़ी परेशानी हो रही थी। धीरे-धीरे ट्रेनें पटरी पर लौट रही हैं। स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र का कहना है कि अभी कार्यालय में आदेश नहीं आया है। इंटरनेट मीडिया पर सूचना देखी जा रही है।

0 Comments